रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया है। अपनी शोक संवेदना में श्री सहाय ने कहा है कि भारत की संसदीय राजनीति के एक सशक्त स्तंभ के रूप में स्थापित देश के कद्दावर राजनेता मुलायम सिंह यादव के निधन से भारतीय राजनीति में रिक्तता आ गई है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। उनका असामयिक निधन भारतीय राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है।
श्री सहाय ने कहा कि समाजवादी विचारधारा के पक्षधर व समतामूलक समाज के जनक स्व.यादव जीवन पर्यन्त सभी धर्म व समुदाय के लोगों के कल्याणार्थ कार्य करते रहे। देश की जनता के प्रति उनके उल्लेखनीय कार्य अविस्मरणीय हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति में स्व.यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। श्री सहाय ने दिवंगत की आत्मा की शांति और उनके परिजनों/शुभचिंतकों को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
0 Comments