झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी समिति का गठन जल्द : डॉ.आरपी साहु
सदस्यता अभियान को गति देने में जुटें कार्यकर्ता : एपी साहु
विशेष संवाददाता
-----------------------
रांची। सदान विकास पार्टी की बैठक गुरुवार को राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र प्रसाद साहू की अध्यक्षता में केंद्रीय कार्यालय हिनू में हुई।बैठक में पार्टी द्वारा संचालित कार्यकर्मों में लगे कार्यकर्ताओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित करने का निर्णय लिया गया। सविपा कार्यकर्ता पार्टी के सिंबल व नाम के प्रिंट वाली टी शर्ट धारण कर सदस्यता अभियान के तहत डोर टू डोर कैंपेन करेंगे।
बैठक को संबोधित करते हुए सविपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ.साहु ने कहा कि सदस्यता अभियान को सफल बनाने में पार्टी के पदधारियों की भूमिका अहम है। डोर टू डोर कार्यक्रम के तहत पार्टी के उद्देश्यों से भी जनता को अवगत कराया जाएगा, ताकि जनता को यह एहसास हो कि सदान विकास पार्टी ही एक मात्र पार्टी है जो सदानों-मूलनिवासियों को उनके हक और अधिकार दिलाने में कामयाब हो सकती है।
उन्होंने बताया कि झारखंड प्रदेश कार्यकारिणी समिति का गठन जल्द कर लिया जाएगा। इसके बाद राज्य के सभी जिलों में जिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाएंगे। जिलाध्यक्षों को जिला कमेटी का गठन कर संगठन का विस्तार करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। जिलाध्यक्षों को प्रखंडों में भी कमेटी का गठन करने और सदस्यता अभियान चलाने का निर्देश दिया जाएगा। डॉ.साहु ने
पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी व जिला अध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक कार्यक्रमों को आगे बढ़ाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि सदान विकास पार्टी विगत लगभग दो दशक से झारखंड के सदानों और मूलवासियों के हितों के संरक्षण के लिए निरंतर संघर्षरत है।
बैठक में सविपा के रांची जिला अध्यक्ष एपी साहू ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ताओं को सदस्यता अभियान तेज करने और अधिक से अधिक सदस्य बनाने का निर्देश दिया गया है। इसका सकारात्मक परिणाम सामने आ रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने की दिशा में पार्टी कार्यकर्ता जुटे हैं। बैठक में अरविंद प्रसाद, अमेरिका प्रसाद साहु, नन्दलाल प्रसाद साहू,मो. शमीम, अरविंद प्रसाद गुप्ता, बिजय गोप मनोज कुमार सहित अन्य मौजूद थे।
0 Comments