कुष्ठ कॉलोनी में बांटे गर्म वस्त्र व मिठाइयां कहा "पीड़ित मानवता की सेवा से होती है सुखद अनुभूति"
मुख्य संवाददाता
रांची। कोल्हान प्रमंडल के पूर्व डीआईजी (रिटायर्ड आईपीएस) राजीव रंजन सिंह ने दीपावली के अवसर पर राजधानी के जगन्नाथपुर स्थित इंदिरा नगर (कुष्ठ कॉलोनी) में गरीबों और पीड़ितों संग दीपावली की खुशियां मनाई।
इस अवसर पर उन्होंने जरूरतमंदों के बीच गर्म वस्त्र एवं मिठाइयां भी बांटे।
श्री सिंह ने कहा कि पीड़ित मानवता की सेवा सबसे बड़ा मानव धर्म है। गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करने से सुखद अनुभूति होती है और मानव जीवन सार्थक होता है। उन्होंने कहा कि विशेष रुप से पर्व-त्यौहार के मौके पर गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा करने से उनके निराश जीवन में आशा की किरणों का संचार होता है, उनका एकाकीपन दूर होता है और उनकी खोई हुई खुशियों की पुनर्वापसी संभव हो पाती है।
गौरतलब है कि श्री सिंह अपनी सेवानिवृत्ति के बाद समाजसेवा के क्षेत्र में समर्पित हैं। मानव कल्याण और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभा रहे हैं। गरीबों और जरूरतमंदों की यथासंभव सेवा करना उनकी दिनचर्या में शुमार है। जनसेवा के प्रति उनका जज्बा और जुनून काबिले तारीफ है। श्री सिंह राजनीति के माध्यम से एक जनप्रतिनिधि के रूप में जनता की सेवा करने को भी इच्छुक हैं। इस दिशा में उन्होंने कदम भी बढ़ाया है। सेवाकाल के दौरान उनका अधिकतर समय पूर्वी सिंहभूम व आसपास के इलाकों में बीता है। इस दौरान वे उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने में भी सफल रहे हैं। कोल्हान प्रमंडल क्षेत्र की जनता से उनका विशेष लगाव रहा है। ऐसे में यह कयास लगाया जा रहा है कि श्री सिंह जमशेदपुर (पूर्वी सिंहभूम) संसदीय क्षेत्र से लोकसभा सीट पर अपनी किस्मत आजमा सकते हैं।
0 Comments