रांची। झारखंड अगेंस्ट करप्शन के केंद्रीय संगठन मंत्री व जाने-माने समाजसेवी निपु सिंह ने मंगलवार को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शहर स्थित बिरसा चौक पर बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।
इस मौके पर श्री सिंह ने कहा कि बिरसा मुंडा भगवान के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने देश को अंग्रेजों की गुलामी से मुक्त कराने के लिए काफी संघर्ष किया। ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंका। उनमें राष्ट्रप्रेम की भावना कूट-कूट कर भरी थी। देशसेवा के प्रति उनका समर्पण अविस्मरणीय है, युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। झारखंड सहित अन्य राज्यों में भी लोग बिरसा मुंडा को भगवान के रूप में पूजते हैं।
श्री सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र चौबीस वर्ष की आयु में ही पूरे भारत में एक अलग पहचान बनाई। उनको प्यार से सभी धरती आबा भी कहते हैं। उन्होंने आदिवासी समुदाय के उत्थान के लिए भी कई उल्लेखनीय कार्य किए, जो मील का पत्थर के रूप में स्थापित है। उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य की स्थापना बिरसा मुंडा की जयंती के दिन ही हुई। इस मौके पर झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानी के वंशज एवं छोटानागपुर राज परिवार के लाल प्रवीरनाथ शाहदेव सहित अन्य उपस्थित थे।
0 Comments