स्त्रीवन इंडिया वूमेन अचीवमेंट अवार्ड 23 दिसंबर को
महिला उत्थान और महिलाओं के हितों के संरक्षण के प्रति समर्पित शख्सियत होंगे सम्मानित
विशेष संवाददातारांची। स्त्रीवन इंडिया की तत्वावधान में स्त्रीवन इंडिया वूमेन अचीवमेंट अवार्ड का आयोजन 23 दिसंबर को इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ इन्फार्मेशन टेक्नोलॉजी, (आइआइआइटी) नामकुम में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में टेलीविजन अभिनेत्री और भरतनाट्यम नर्तकी सुधा चंद्रन बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगी। इसके अलाव राज्यसभा सांसद डॉ. महुआ माजी, जेएससीए के उपाध्यक्ष अजयनाथ शाहदेव, खिलाड़ी दीपिका सहित अन्य गणमान्य विशिष्ठ अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। यह जानकारी स्त्रीवन इंडिया की संस्थापिका मैरी स्टेला माइकल ने मंगलवार को रांची प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि स्त्रीवन इंडिया के सौजन्य से सिवा-2022 नामक एक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन एक पुरस्कार समारोह है। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की महिलाओं को अपने क्षेत्र में उनके अद्भुत काम के लिए सम्मानित किया जाएगा। इस दिन 22 से अधिक कैटेगरी में महिलाओं को सम्मानित किया जायेगा। यह अॅवार्ड संस्था की ओर हर साल दिये जायेंगे, ताकि ऐसे महिलाओं को सम्मान दिया जा सके, जो महिला कल्याण और उत्थान के लिए बेहतर कार्य कर रही हैं, लेकिन अभी उन्हें पहचान नहीं मिली है। इस सम्मान समारोह में लाइफ टाइम अचीवमेंट अवॉर्ड भी दिया जायेगा। इसमें खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला खिलाड़ियों को भी अॅवार्ड दिया जायेगा।
मेरी स्टेला ने बताया कि स्त्रीवन इंडिया एक कम्यूनिटी संस्था है। इस संस्था के माध्यम से उन महिलाओं को प्रोत्साहित किया जाता है, जो महिला सशक्तिकरण और महिला स्वावलंबन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही हैं। प्रेसवार्ता में प्रतिमा सिंह, मारिया जेसिका एंथोनी, खुशबू झा, सानंदा मित्रा, सुतापा नंदी, अनुपमा सिन्हा, इशा कुमारी समेत अन्य मौजूद थीं।
0 Comments