एचईसी को बचाने के लिए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से मिलेगा एचईसी श्रमिक संघ का प्रतिनिधिमंडल
रांची। एशिया प्रसिद्ध कारखाना एचईसी को बचाने के लिए एचईसी श्रमिक संघ के महामंत्री और नगर निगम वार्ड संख्या 39 के पार्षद वेदप्रकाश सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह से मिलेगा। इस संबंध में एचईसी श्रमिक संघ के अध्यक्ष सन्नी सिंह ने बताया कि नई दिल्ली में भारी उद्योग मंत्रालय के मंत्री एवं सचिव से भी मिलकर एचईसी को बचाने की गुहार लगाई जाएगी। श्री सिंह ने कहा कि एचईसी श्रमिक संघ इस दिशा में सतत प्रयासरत है। एचईसी को बदहाली से उबारने के लिए केंद्र सरकार से इसके पूर्व भी संघ की ओर से गुहार लगाई गई है। उन्होंने कहा कि एचईसी कारखाना झारखंड ही नहीं, बल्कि पूरे देश की शान है। इसके अस्तित्व पर मंडराते खतरे को देखते हुए एचईसी श्रमिक संघ ने केंद्रीय मंत्रियों से मिलने का निर्णय लिया है। उन्होंने उम्मीद जताते हुए कहा कि केंद्र सरकार एचईसी को आर्थिक बदहाली से उबारने की दिशा में जल्द ही सकारात्मक कदम उठाएगी।
0 Comments