“झारखंड के 50 क्रांतिकारी” एवं “परमवीर अल्बर्ट एक्का की जीवनी” पुस्तक का लोकार्पण
रांची: वरिष्ठ पत्रकार और लेखक संजय कृष्ण द्वारा लिखित “झारखंड के 50 क्रांतिकारी” एवं “परमवीर अल्बर्ट एक्का की जीवनी” पुस्तक का लोकार्पण मंगलवार को हुआ। स्टेशन रोड स्थित प्रभात प्रकाशन के शोरूम में आयोजित लोकार्पण समारोह में पुस्तक का विमोचन वरिष्ठ साहित्यकार अशोक प्रियदर्शी, अल्बर्ट एक्का के पुत्र विसेंट एक्का, प्रसिद्ध कथाकार राकेश कुमार सिंह, इतिहासकार प्रो एलएन राणा, दूरदर्शन के पूर्व निदेशक पीके झा ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर अशोक प्रियदर्शी ने कहा कि यह पुस्तक झारखंड के क्रांतिकारियों और सपूतों की जानकारी लोगों को देगा। यह पुस्तक झारखंड ही नहीं देश के लोगों को भी झारखंड के सपूतों के बारे में महत्पवूर्ण जानकारी देने में सहायक साबित होगा। संजय कृष्ण ने अद्भुत काम किया है। अल्बर्ट एक्का के पुत्र विसेंट एक्का ने कहा कि यह पुस्तक वर्तमान और आने वाले पीढ़ियों के लिए फायदेमंद साबित होगा। खासतौर पर स्कूली बच्चों को परमवीर अल्बर्ट एक्का की जीवनी और झारखंड के क्रांतिकारियों के बारे में जानने और उन्हें समझने आसानी होगी। कार्यक्रम में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। लोकार्पण कार्यक्रम में लेखक संजय कृष्ण ने अतिथियों का स्वागत करते हुए पुस्तक के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि झारखंड के 50 क्रांतिकारी में छोटानागपुर से लेकर संताल परगना के महत्वपूर्ण क्रांतिकारियों की जीवनी है। पहली बार ऐसे गुमनाम नायकों को जगह दी गई है, जिनके बारे में लोग कम या नहीं जानते हैं। काफी शोध व खोजबीन कर यह पुस्तक लिखी गई है। वहीं, दूसरी पुस्तक अल्बर्ट एक्का की गाथा है। वे झारखंड-बिहार के इकलौते परमवीर चक्र से सम्मानित वीर सेनानी हैं। 1971 के युद्ध में वे वीर गति को प्राप्त हुए थे। मरणोपरांत उन्हें सर्वोच्च सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार सैयद सहरोज कमर ने किया। धन्यवाद ज्ञापन प्रभात प्रकाशन रांची के मैनेजर राजेश शर्मा ने दिया। मौके पर पंकज मित्रा, रोशल लाल भाटिया, विनोद कुमार, प्रवीण परिमल, घनश्याम, आशुतोष, विनोद कुमार, मनोज लाल, रवि दत्त, प्रवीरनाथ लाल शाहदेव, प्रदीप सिंह, अनिता रश्मि, सत्या कीर्ति शर्मा, नरेश बंका, एमजेड खान, डॉ आशुतोष, रश्मि शर्मा, डॉली कुजारा समेत अन्य लोग मौजूद थे।
0 Comments