विधायक सुदिव्य सोनू द्वारा पत्रकारों के बारे में अमर्यादित टिप्पणी की जेजेए ने की निंदा
स्पीकर को सौंपा ज्ञापन विस अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही से अपशब्द हटाने का दिया निर्देश
विशेष संवाददाता रांची। झारखंड विधानसभा में सोमवार को सदन में अपने संबोधन में पत्रकारों को 'पतलकार' कह कर गिरीडीह विधायक सुदिव्य सोनू द्वारा संबोधित किए जाने की झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने निंदा की है। गौरतलब है कि वरिष्ठ पत्रकार ज्ञानरंजन द्वारा विधानसभा मीडिया व्हाट्सएप ग्रुप में इससे संबंधित सूचना प्रेषित किए जाने पर झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अमरकांत ने संज्ञान में लिया। झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मामले को लेकर विधानसभा अध्यक्ष रबिंद्र नाथ महतो को एक ज्ञापन सौंपा। जेजेए के कार्यकारी अध्यक्ष अमरकांत ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के प्रहरी होते हैं। जिनकी नजरें सत्ता पक्ष और विपक्ष सहित देश व समाज की हर गतिविधियों पर होती है। पत्रकारों को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा गया है ।
ज्ञापन के माध्यम से विधानसभा की कार्यवाही से विधायक सुदिव्य सोनू द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी को हटाने एवं विधानसभा अनुशासन समिति के समक्ष मामले को रख कर उचित कार्रवाई की मांग की गई। इस अवसर पर विधानसभा पत्रकार दीर्घा के कई सदस्यगण भी शामिल थे। विधानसभा अध्यक्ष ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल विधानसभा की कार्यवाही से अपशब्द हटाने का निर्देश दिया। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होते हैं। उनके बारे में सदन में अमर्यादित टिप्पणी नहीं की जा सकती है। उन्होंने विधायक सुदिव्य सोनू को पूरे प्रकरण पर अपना पक्ष रखने के लिए कहा है। पत्रकारों के समर्थन में भाकपा (माले) विधायक विनोद सिंह भी विधानसभा अध्यक्ष के कक्ष में मौजूद थे। ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के राष्ट्रीय महासचिव शाहनवाज हसन, झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अमरकांत, उपाध्यक्ष नवल किशोर सिंह, सुषमा सिन्हा, आकाश सोनी सहित अन्य शामिल थे। भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने भी पत्रकारों के बारे में अमर्यादित टिप्पणी पर जताया विरोध रांची। सदन में पत्रकारों के बारे में गिरिडीह के विधायक सुदीव्य सोनू द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी का भाजपा विधायक बिरंची नारायण ने भी विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि पत्रकारों के बारे में सदन के भीतर ऐसी टिप्पणी मानसिक दिवालियापन का परिचायक है। विदित हो कि इस मामले को लेकर झारखंड जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा विधायक बिरंची नारायण से भी मिलकर उन्हें एक ज्ञापन सौंपा।
0 Comments